साकेत न्यूज संवाददाता अम्बेडकर नगर
अंबेडकर नगर केंद्र सरकार द्वारा लागू Next-GEN GST REFORM 2.0 के तहत कर सुधारों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज सर्किट हाउस में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री अंबेडकर नगर गिरीश चंद्र यादव और कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रेस वार्ता की।

दोनों ने टैक्स रेशनलाइजेशन की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए इसके लाभों को रेखांकित किया।प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से GST में ऐतिहासिक सुधारों की घोषणा की, जिसे दीवाली का तोहफा बताया गया। ये सुधार करदाताओं और व्यापारियों के लिए अनुपालन को सरल बनाएंगे और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम करेंगे।
GST परिषद की 56वीं बैठक (3 सितंबर 2025) में नई कर दरें लागू की गईं, जिसमें मुख्य रूप से 5% और 18% की दो दरें निर्धारित की गईं, जबकि लग्जरी वस्तुओं और तंबाकू उत्पादों पर 40% कर लागू होगा।
GST सुधार 2.0 के प्रमुख बिंदु:
- आवश्यक वस्तुओं पर राहत: व्यक्तिगत जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, UHT दूध, पनीर और भारतीय ब्रेड पर GST शून्य।
- उपभोक्ता वस्तुओं में कटौती: छोटी कारों, टीवी, एयर कंडीशनर, सीमेंट और ऑटो पार्ट्स पर GST 28% से 18%।
- हरित ऊर्जा को बढ़ावा: अक्षय ऊर्जा उपकरणों पर GST 12% से 5%।
- स्वास्थ्य सेवा: 33 जीवनरक्षक दवाओं और कैंसर व दुर्लभ रोगों की तीन महत्वपूर्ण दवाओं पर GST शून्य।
- कृषि क्षेत्र: ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, कम्पोस्टर और उर्वरक इनपुट (सल्फ्यूरिक/नाइट्रिक एसिड, अमोनिया) पर GST 18% से 5%।
- हस्तशिल्प को प्रोत्साहन: हस्तशिल्प, संगमरमर और चमड़े की वस्तुओं पर GST 12% से 5%।
- हथकरघा व्यापारियों को लाभ: धागे की खरीद पर GST 12% से 5%, जिससे लागत कम होगी और बिक्री बढ़ेगी।
- निर्यात में सुविधा: छोटी वैल्यू के निर्यात पर रिफंड सीमा हटाई गई।
- विद्यार्थियों के लिए राहत: स्टेशनरी वस्तुओं पर GST शून्य।
- – अन्य सुधार: रेडीमेड गारमेंट (2500 रुपये तक) और फुटवियर पर GST 12% से 5%; होटल रूम रेंट (7500 रुपये तक) पर GST 18% से 5%।
जिलाधिकारी ने पत्रकारों से अनुरोध किया कि वे टैक्स रेशनलाइजेशन की जानकारी जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने https://savingswithgst.in वेबसाइट लॉन्च की है, जहां GST सुधारों के लाभ और उत्पादों पर कर कटौती की जानकारी उपलब्ध है। - उन्होंने सोलर पैनल पर GST कम करने का उल्लेख करते हुए जनता से पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल स्थापित करने की अपील की। साथ ही, वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय अधिकरण (GSTAT) दिसंबर 2025 तक चालू होने की जानकारी दी, जिससे व्यापार सुविधा और विवाद समाधान में तेजी आएगी।
ये सुधार आम जनता, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और निर्माताओं को ध्यान में रखकर किए गए हैं, जिससे वस्तुएं सस्ती होंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था, विशेष रूप से अंबेडकर नगर के हथकरघा उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।



