साकेत न्यूज संवाददाता अम्बेडकर नगर
अम्बेडकर नगर टांडा क्षेत्र के मखदूमनगर रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। सेतु निगम की ओर से वैकल्पिक मार्ग न बनाए जाने से लोगों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।
रोजाना इस क्रॉसिंग से गुजरने वालों को घंटों तक धूल-गड्ढों से भरे संकरे रास्तों पर रेंगना पड़ रहा है। प्राप्त विवरण अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व मखदूमनगर बाजार स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ था। सेतु निगम ने आमजन की सुविधा को दरकिनार हुए करते हुए अब तक कोई समुचित वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया। परिणाम यह है कि क्षेत्रीय नागरिकों को रोजाना ऊबड़-खाबड़, संकीर्ण और असुरक्षित रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य एक साल से जारी है, लेकिन वैकल्पिक मार्ग की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि इस असुविधाजनक स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, खासकर स्कूली बच्चे, बुज़ुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।