साकेत न्यूज काशी मिश्रा
अंबेडकर नगर प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को देखते हुए अंबेडकर नगर जिले की पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। जिले के मुख्य मार्गों, खासकर अयोध्या जाने वाले रूट पर पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बहु-स्तरीय चेकिंग व्यवस्था लागू की गई है।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अयोध्या मार्ग पर चौकी इंचार्ज नेहा सिद्धार्थ के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार वाहनों की सघन चेकिंग कर रही है।

इसी क्रम में अहिरौली थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी भी अपनी टीम के साथ मार्ग पर मौजूद रहकर हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच कर रहे हैं।कस्बे के पुरानी तहसील तिराहे पर उप निरीक्षक विजय कुमार सिंह को सेकंड लेयर चेकिंग का जिम्मा सौंपा गया है, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन बिना जांच के आगे न निकल सके।

इस बीच पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंबेडकर नगर स्वयं मैदान में उतरे और यादव नगर चौराहे पर थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी के साथ खड़े होकर चेकिंग अभियान की मॉनिटरिंग की। एसपी ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देते रहे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिले में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है तथा ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है।स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की है और कहा कि इतने बारीक सुरक्षा व्यवस्था से उन्हें काफ़ी राहत मिल रहा है
।प्रधानमंत्री का अयोध्या दौरा भले ही कुछ घंटों का हो, लेकिन अंबेडकर नगर पुलिस ने इसे चुनौती की तरह लिया है और पूरे जिले को अभेद किला बनाने में जुटी है।



